UP Assembly Elections 2022 आम श्रद्धालुओं की तरह पैदल-पैदल विश्वनाथ मंदिर तक गए राहुल व प्रियंका, लिया आशीर्वाद, जनता चकित
ध्रुव ज्योति नंदी
श्री न्यूज़ 24/अदिति न्यूज़ साप्ता
वाराणसी
वाराणसी/ सभी दिग्गज नेता यहीं डेरा डाले है। हर कोई श्री काशी विश्वनाथ का आशीर्वाद लेने में जुटा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और यूपी प्रभारी प्रियंका ने भी बाबा दरबार पहुंच कर सविधि पूजन कर आशीर्वाद लिया।
Elections 2022 के प्रचार का शोर अब थमने वाला है। एक और दिन बाकी है। ऐसे में सभी पार्टियों ने पूरा जोर लगा दिया है। ममता बनर्जी गंगा पूजन और बाबा विश्वनाथ का दर्शन पूजन कर लौट गईं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शाम को बाबा दरबार पहुंचेंगे तो अखिलेश यादव रात में जाएंगे। इस बीच कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी ने शुक्रवार को दिन में ही काशीपुराधिपति के आगे शीश नवा कर आशीर्वाद ग्रहण किया। काशी विश्वनाथ मंदिर जाते कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा, राहुल और प्रियंका बेहद सामान्य तरीके से गोदौलिया से विश्वनाथ मंदिर तक पैदल ही पहुंचे। उन्होंने अपने काफिले को गोदौलिया चौराहे पर ही रुकवा दिया। फिर आराम से वाराणसी के विकास को करीने से देखते हुए वो एक-एक पग आगे बढ़ाते रहे। सब कुछ बेहद संजीदगी से देखा परखा और पढ़ा।
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने रोहनिया में रोड शो से दिया बड़ा संदेश
इस दौरान दोनों भाई-बहन का आमजन से निकट का रिश्ता भी बना। लोग इन दोनों को सड़क पर यूं पैदल चलते देख चकित भी होते रहे। इस दौरान रह-रह कर राहुल-प्रियंका हाथ हिलाकर जनता का अभिवादन भी स्वीकार करते रहे। मंदिर पहुंचने पर दोनों ने विधि-विधान से बाबा का जलाभिषेक करने के साथ ही षोडशोपचार पूजन किया। आचार्य श्रीकांत मिश्रा ने पूजन-अर्चन कराया। मंदिर से निकलते वक्त राहुल-प्रियंका ने परिसर में मौजूद दर्शनार्थियों से भी मुलाकात की और उनसे बातचीत भी की। बता दें कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा अब से कुछ ही देर में पिंडरा विधानसभा क्षेत्र के फूलपुर में कांग्रेस प्रत्याशी अजय राय के समर्थन में जनसभा को संबोधित करने वाले हैं।