नववर्ष पर समस्यामुक्त राष्ट्र के निर्माण में योगदान का युवाओं ने लिया संकल्प
बालिकाओं ने रंगोली बनाकर सजाया विद्यालय, खेलकूद प्रतियोगिता भी की गयी आयोजित।
श्री न्यूज़ 24 आदिति न्यूज
बैंकेगंज खीरी
रमेश कुमार चौहान
बाँकेगंज खीरी। नववर्ष के प्रथम दिवस विनायक इंटर कॉलेज की छात्राओं ने रंगोली बनाकर विद्यालय को सजाया। उसके बाद खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। नववर्ष पर प्राचार्य की उपस्थिति में छात्र-छात्राओं ने समस्यामुक्त राष्ट्र के निर्माण में योगदान करने का संकल्प लिया।
नववर्ष पर छात्र-छात्राओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। सुबह छात्र-छात्राओं ने पहुंचकर विद्यालय द्वार और मैदान में रंगोली बनाई। विद्यालय को गुब्बारों से सजाया संवारा। उसके बाद कक्षावार 100 मीटर, 200 मीटर दौड़, लम्बी कूद व कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। तत्पश्चात एक बैठक का आयोजन किया गया जिसमें विद्यालय के प्राचार्य धर्मवीर गुप्ता ने छात्र-छात्राओं को समस्यामुक्त राष्ट्र में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए राष्ट्र की बेरोजगारी, पर्यावरण प्रदूषण, बालिकाओं के प्रति बढ़ती समस्या जैसे विषयों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि बेरोजगारी जैसी समस्या इसलिए बढ़ रही है क्योंकि युवा इन समस्याओं को दूर करने के लिए अपना श्रेष्ठ योगदान नहीं कर रहे हैं। यदि समस्याओं को दूर करने के लिए प्रत्येक युवा अपना योगदान करने के लिए आगे आये तो राष्ट्र इन समस्याओं से मुक्त हो सकता है इसलिए हम सभी को नववर्ष के प्रथम दिवस पर समस्यामुक्त राष्ट्र बनाने के लिए अपना श्रेष्ठ योगदान करने का संकल्प लेना चाहिए। उसके बाद सभी छात्र-छात्राओं ने एक स्वर में संकल्प लिया कि हम प्रतिदिन घर पर तीन घंटे अनिवार्य रूप से अध्ययन करेंगे। अपने आसपास गंदगी नहीं रहने देंगे और घर के नजदीक खाली पड़ी भूमि पर उपयोगी फल-फूल के पौधे लगाएंगे तथा उनकी देखभाल करेंगे। प्रत्येक बालिका को सम्मान की दृष्टि से देखेंगे।
नववर्ष के आगमन पर युवाओं द्वारा लिया गया यह संकल्प गांव,समाज और राष्ट्र को समस्या मुक्त बनाने के लिए उठाया गया छोटा कदम ही सही किन्तु मानसिकता पर प्रभाव अवश्य डालेगा।