बाँकेगंज के पत्रकार धर्मवीर गुप्ता ग्रीन इमेज अवार्ड से सम्मानित
श्री न्यूज़ 24 दैनिक आदिति समाचार पत्र
बांकेगंज खीरी
संवाददाता रमेश कुमार चौहान
राजधानी में आयोजित भव्य समारोह में दिया गया सम्मान
जनपद के प्रख्यात वन्यप्रेमी डॉ. वी.पी. सिंह की स्मृति में दिया गया अवार्ड
बाँकेगंज खीरी। राजधानी लखनऊ में बाँकेगंज के पत्रकार धरमवीर गुप्ता को वन्य जीवन आधारित लेखन व गुणवत्तापूर्ण रचनाधर्मिता के लिए वन्यप्रेमी डॉ.वी.पी. सिंह स्मृति ग्रीन इमेज अवार्ड से सम्मानित किया गया। इमेज प्रकाशन समूह व ग्रीन चौपाल के संयुक्त तत्वाधान में यह अवार्ड उन्हें राज्य संसाधन केंद्र उत्तर प्रदेश लखनऊ के स्वामी विवेकानंद सभागार में आयोजित आयोजित पुस्तक लोकार्पण एवं लोकार्चन समारोह में प्रदान किया गया।
मौका था शिक्षाविद डॉ. रमेशचन्द्र सक्सेना की पुस्तक ‘ राधाकृष्णन का मूल्य-दर्शन के लोकार्पण और शैक्षिक साहित्य और सामाजिक सरोकारों से जुड़े रचनाधर्मियों के लोकार्पण का। बताते चलें कि लखनऊ स्थित ‘ग्रीन चौपाल’ संस्था पर्यावरण और पशु-पक्षियों के संरक्षण और संवर्द्धन के लिए लंबे समय से कार्य कर रही है। इमेज प्रकाशन समूह भी कई वर्षों से शिक्षा, साहित्य व समाजोपयोगी पुस्तकों का प्रकाशन कर रहा है। मालूम हो कि लखीमपुर जनपद स्थित दुधवा के जंगलों में मोर, सारस, गैंडा, घड़ियाल, सहित विभिन्न पशु-पक्षियों के जीवन पर आधारित एक दर्जन से अधिक विद्यार्थियों को शोध कराने वाले व्यक्तित्व डॉक्टर वी.पी.सिंह के 24 अप्रैल 2021 को निधन हो गया था। उन्हीं की स्मृति में यह अवार्ड ग्रीन चौपाल ने शुरू किया है, जो प्रतिवर्ष वन्यजीवन व पर्यावरण के क्षेत्र में रचनात्मक कार्य करने वालों को दिया जायेगा। पत्रकार श्री गुप्ता को राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद उ.प्र. लखनऊ के सेवानिवृत्त निदेशक महेंद्र सिंह, दिल्ली के शिक्षाविद बी.के. जौहरी, ‘उजाला’ पत्रिका के संपादक लायक राम ‘मानव’, इमेज प्रकाशन समूह के संपादक यदुनाथ सिंह ‘मुरारी’ व ‘ग्रीन चौपाल’ की सीईओ पूजा शुक्ला की गरिमामय उपस्थिति में वन्यप्रेमी डॉ. वी. पी. सिंह स्मृति ग्रीन इमेज अवार्ड प्रदान किया गया। यह अवार्ड उन्हें वन्य जीवन आधारित लेखन एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण रचनाधर्मिता के लिए दिया गया। श्री गुप्ता को प्रशस्तिपत्र, स्मृतिचिह्न, उत्तरीय और पुष्पगुच्छ ग्रीन चौपाल की सीईओ पूजा शुक्ला व स्वर्गीय वी. पी सिंह की धर्मपत्नी इंदुमती सिंह ने प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर शिक्षा साहित्य लेखन-सृजन और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी 17 अन्य विभूतियों को भी सम्मानित किया गया। इनमें शिक्षक-शिक्षा साहित्य लेखन सम्मान महेंद्रनाथ श्रीवास्तव, बी.एल.वर्मा, संजय शर्मा, विवेक कुमार कुलश्रेष्ठ, डॉ. विक्रान्त उपाध्याय, नगेन्द्र सिंह तथा डॉ. अनीता गुप्ता को प्रदान किया गया। शैक्षिक साहित्य सृजन सम्मान धीरजपाल सिंह, सुनील आर्य, शेर सिंह शाक्य को दिया गया। शिक्षक-शिक्षा सम्वर्द्धन सम्मान सुरेश कुमार रावत तथा स्व. ज्ञानेंद्रशंकर पाण्डेय स्मृति शिक्षोन्नयन सम्मान प्रियंका सक्सेना को दिया गया। शैक्षिक साहित्य संपादन सम्मान ज्योत्स्ना श्रीवास्तव और सुरेश सिंह चौहान (आचार्य सुदर्शन शास्त्री) को प्रदान किया गया। शैक्षिक समानता सम्वर्द्धन सम्मान उच्चतम न्यायालय नई दिल्ली की अधिवक्ता पूर्णिमा जौहरी को दिया गया। अंत्योदय शिक्षा सम्वर्द्धन सम्मान हौसला फाउंडेशन की नेहा सिंह सम्मानित हुईं। कार्यक्रम में वन्यप्रेमी स्व.वी.पी. सिंह की पत्नी श्रीमती इंदुमती और उनके पुत्र विपिन प्रताप भी सम्मिलित हुए। कार्यक्रम का संचालन राज्य शिक्षक पुरस्कार प्राप्त शिक्षक धीरजपाल सिंह ने किया।
क्षेत्र के पत्रकार श्री गुप्ता को ग्रीन इमेज अवार्ड मिलने पर.पुत्तू लाल मौर्य, राजीव गोयल, श्यामलाल अग्रवाल, संतोष सक्सेना, सर्वेश गुप्ता आदि ने बधाई देते हुए प्रसन्नता व्यक्त की है।